प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में जिला-स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई
------------------------------------
सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों से गुणवत्तापूर्ण निगरानी सुनिश्चित करने का आयुक्त ने दिया निदेश
------------------------------------
आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर श्री गिरिवर दयाल सिंह ने प्रमंडल अंतर्गत सभी जिलों के पुलिस थानों एवं आउटपोस्ट में सीसीटीवी कैमरों से गुणवत्तापूर्ण निगरानी सुनिश्चित करने का निदेश दिया है। वे आज वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से आयुक्त कार्यालय में आयोजित तिरहुत प्रमंडल के सभी जिलों की जिला-स्तरीय निगरानी समिति (डिस्ट्रिक्ट लेवल ओवरसाईट कमिटि, डीएलओसी) की बैठक में अध्यक्षीय संबोधन कर रहे थे। आयुक्त ने कहा कि पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के मुख्य घटक हैं। आधुनिक युग में सीसीटीवी पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। आम जनता के संवैधानिक तथा वैधानिक अधिकारों को अक्षरशः लागू करने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को पुलिस थानों में रक्षित सीसीटीवी फुटेज की नियमित तौर पर समीक्षा करने का निदेश दिया ताकि व्यक्तियों के अधिकारों का संरक्षण हमेशा सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में आयुक्त ने प्रमंडल अंतर्गत सभी छः जिलों के जिला पदाधिकारियों एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों से थानों/आउटपोस्ट में सीसीटीवी का अधिष्ठापन, कैमरों की तकनीकी विशिष्टि, गुणवत्ता एवं क्रियाशीलता, सीसीटीवी एवं संबंधित उपकरणों का पर्यवेक्षण, रख-रखाव तथा संधारण, रक्षित सीसीटीवी, फुटेज की समीक्षा, प्राप्त शिकायतों का निवारण, अनुश्रवण सहित संबंधित बिन्दुओं पर एक-एक कर समीक्षा की तथा अद्यतन प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रमंडल अंतर्गत जिलों के सभी अधिसूचित एवं भवन-निर्मित थानों एवं आउटपोस्ट में अधिष्ठापित सीसीटीवी की क्रियाशीलता का प्रभावी ढंग से अनुश्रवण किया जाता है। एजेंसी द्वारा नियमित तौर पर इसका रख-रखाव एवं संधारण किया जाता है। आयुक्त ने निर्देश दिया कि जो थाने/आउटपोस्ट नए हैं वहाँ भी गृह विभाग के निदेशों के आलोक में नियमानुसार सीसीटीवी को क्रियाशील रखें।
आयुक्त ने सभी जिला पदाधिकारियों तथा वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों को निदेश दिया कि सीसीटीवी कैमरों एवं फुटेज का नियमित अनुश्रवण किया जाए। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए। सभी पुलिस अधीक्षक इसकी नियमित समीक्षा करें। एजेंसियों के माध्यम से सीसीटीवी का नियमित रख-रखाव एवं संधारण सुनिश्चित करें। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी थानाध्यक्षों से लगातार सम्पर्क बनाए रखें।
आयुक्त ने कहा कि पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन एवं निगरानी हेतु जिला-स्तरीय निगरानी समिति का गठन किया गया है। यह एक महत्वपूर्ण समिति है। सरकार द्वारा जिला-स्तरीय निगरानी समिति का उत्तरदायित्व भी निर्धारित किया गया है। सभी संबंधित पदाधिकारी इसका समुचित निर्वहन करें तथा गृह विभाग के आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।
आयुक्त ने जिला पदाधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों को निदेश दिया कि पुलिस थानों में अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी विशिष्टियों, गुणवत्ता एवं क्रियाशीलता का समय-समय पर भैतिक सत्यापन करें तथा तत्संबंधी प्रतिवेदन विहित प्रपत्र में अपर पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण-सह-नोडल पदाधिकारी, सीसीटीवी परियोजना, बिहार के साथ-साथ प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय को भी उपलब्ध कराएँ।
आज के इस बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र; पुलिस उप महानिरीक्षक, चंपारण क्षेत्र; प्रमंडल अंतर्गत जिलों के जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक तथा अन्य भी उपस्थित थे।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar