छठ महापर्व को लेकर आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह सख्त, सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं! ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी, QRT और मेडिकल टीम रहेगी अलर्ट
लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तिरहुत प्रमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
मुजफ्फरपुर स्थित आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने प्रमंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने छठ घाटों से लेकर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था रखने, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने तथा 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने का निर्देश दिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम और क्विक मेडिकल रिस्पांस टीम की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, खतरनाक घाटों की सूची सार्वजनिक करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाने तथा एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम तैनात रखने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
#ChhathMahaparv #GirivarDayalSingh #MuzaffarpurAdministration #ChhathPuja2026 #TirhutNow