
#बलरामपुर! किताबों से दोस्ती कर रहे परिषदीय विद्यालयों के नौनिहाल, लाइब्रेरी और लर्निंग कॉर्नर से संवर रहा भविष्य...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
बलरामपुर (21 अगस्त)। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बेहतर एवं रुचिकर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं। विद्यालयों में संचालित ‘स्कूल लाइब्रेरी’ एवं ‘लर्निंग कॉर्नर’ बच्चों को पाठ्यपुस्तकों के दायरे से बाहर निकालकर ज्ञानवर्धक और प्रेरक साहित्य से जोड़ रहे हैं, जिससे उनमें स्वयं सीखने की ललक पैदा हो रही है।
विद्यालयों की लाइब्रेरी में बाल साहित्य, प्रेरक प्रसंग, सामान्य ज्ञान और कहानियों की विविधतापूर्ण पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। बच्चे अपनी पसंद के अनुसार किताबें चुनकर पढ़ रहे हैं और पढ़ी गई कहानियों पर शिक्षकों व सहपाठियों के साथ चर्चा भी कर रहे हैं। इससे विद्यालयों में पठन-पाठन का एक जीवंत माहौल तैयार हुआ है।
नियमित पुस्तक पठन से विद्यार्थियों के शब्दावली ज्ञान, भाषा क्षमता, कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति कौशल में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है। किताबों के प्रति यह जुड़ाव बच्चों को प्रश्न पूछने और अपने विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
इसी क्रम में विकास खंड बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय बांकी, प्राथमिक विद्यालय कटिया एवं प्राथमिक विद्यालय धर्मनगर में छात्र-छात्राएं लाइब्रेरी व स्टडी कॉर्नर का उत्साहपूर्वक उपयोग कर रहे हैं। शिक्षा विभाग का यह नवाचार बुनियादी शिक्षा को केवल सिलेबस तक सीमित न रखकर बच्चों के सर्वांगीण शैक्षिक विकास का मजबूत आधार प्रस्तुत कर रहा है।
#balrampur #dmbalrampur