
पंचानपुर बाजार को अतिक्रमण से मिली मुक्ति, वर्षों पुरानी जाम की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम
गया: वर्षों से अतिक्रमण एवं भीषण जाम की समस्या से जूझ रहे पंचानपुर बाजार में शनिवार को टेकारी अनुमंडल प्रशासन द्वारा चलाए गए सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद बाजार को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। इस कार्रवाई के बाद बाजार की तस्वीर बदलती नजर आई तथा आम लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने एवं अवैध ठेले-खोमचों के कारण बाजार क्षेत्र में पैदल चलना भी कठिन हो गया था। प्रतिदिन लगने वाले जाम से एंबुलेंस, स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से जनता इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रही थी।
शनिवार को टेकारी अनुमंडल प्रशासन की टीम पूरी तैयारी एवं पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण, ठेले-खोमचे एवं अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। दुकानों के बाहर लगे अवैध बोर्ड तथा सड़क पर रखे गए सामान को भी हटवाया गया।
अभियान के दौरान ज़िला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रवीण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशांत चंचल, पंचानपुर थाना अध्यक्ष पद्माकर उपाध्याय, परिवहन विभाग की टीम एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर पूरे अभियान की निगरानी की तथा अतिक्रमणकारियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी।
इस प्रभावी कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों के बीच टेकारी अनुमंडल प्रशासन की सराहना हो रही है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी जारी रखने से बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
#गयाजी
#GayaPolice
#gayajidham