
IAS रिंकू सिंह राही के खिलाफ रची गई साजिश का सच आया सामने, आरोपों की हवा हुई फुस्स...
#जालौन
जालौन जनपद में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही की छवि धूमिल करने के लिए रची गई कथित साजिश का अब पर्दाफाश हो चुका है। हाल ही में तहसील जालौन बार एसोसिएशन के मंत्री अनिल तिवारी द्वारा लगाए गए आरोपों ने प्रशासनिक हलकों में जो भ्रम पैदा किया था, उसका खंडन स्वयं मौके पर मौजूद रहे जिम्मेदार व्यक्तियों ने कर दिया है। जानकारी के अनुसार, पीजीटी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक देवेंद्र कुलश्रेष्ठ ने स्पष्ट किया है कि रिंकू सिंह राही 13 और 14 जून को डीएवी इंटर कॉलेज उरई में सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी पर तैनात थे। इस आधिकारिक स्पष्टीकरण ने शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए उन तमाम दावों को खारिज कर दिया है, जिसमें अधिकारी पर उक्त तिथियों में परिवार के साथ निजी यात्रा पर होने और सरकारी वाहन से दुर्घटना करने का आरोप लगाया गया था।
इस खुलासे के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि रिंकू सिंह राही के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से आधारहीन और दुर्भावना से प्रेरित थे। देवेंद्र कुलश्रेष्ठ ने अपने बयान में इसे एक 'निंदनीय कृत्य' करार देते हुए ऐसे षड्यंत्र रचने वालों की घोर भर्त्सना की है। मौजूद साक्ष्य और गवाही यह बताने के लिए पर्याप्त है कि अधिकारी को फंसाने के लिए एक सुनियोजित पटकथा लिखी गई थी। प्रशासनिक गलियारों में अब यह चर्चा जोरों पर है कि जब अधिकारी का आधिकारिक लोकेशन ही कार्यस्थल पर दर्ज था, तो फिर किस मंशा से इतनी बड़ी झूठ की बुनियाद रखी गई? यह मामला अब एक ईमानदार अधिकारी के विरुद्ध रचे गए सुनियोजित षड्यंत्र की पराकाष्ठा को दर्शाता है, जिसने शिकायतकर्ता की नीयत पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
Orai, Jalaun | Jul 7, 2026