
श्रमिकों के लिए बड़ी सौगात डिजिटल लेबर चैक ऐप से घर बैठे मिलेगा मनचाहा रोजगार
--
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत डिजिटल लेबर चैक ऑफ एमपी मोबाइल एप लॉन्च किया गया है। इस एप का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को बिचौलियों एवं एजेंटों के चंगुल से मुक्त कर सीधे नियोक्ताओं से जोड़ना तथा उन्हें सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने श्रमिकों को डिजिटल लेबर चैक मोबाइल एप के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा विकसित इस एप के माध्यम से दैनिक वेतनभोगी एवं निर्माण श्रमिक बिना किसी एजेंट के सीधे नियोक्ताओं और रोजगार के अवसरों से जुड़ सकेंगे।
एप के माध्यम से श्रमिक घर बैठे डिजिटल तरीके से अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुसार उपलब्ध रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे। इससे उन्हें रोजगार की तलाश में भौतिक लेबर चैकों पर असुरक्षित परिस्थितियों में घंटों खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे श्रमिकों के समय और ऊर्जा की बचत भी होगी।
एप पर ठेकेदार, फैक्ट्री मालिक अथवा आम नागरिक अपनी आवश्यकता, कार्यस्थल और मजदूरी दर की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नियोक्ताओं को अपनी आईडी, फैक्ट्री या लाइसेंस के माध्यम से सत्यापित प्रोफाइल बनाकर ही जॉब पोस्ट करने की अनुमति होगी।
सुरक्षित और पारदर्शी रोजगार का माध्यम
डिजिटल लेबर चैक ऑफ एमपी एप श्रमिकों और नियोक्ताओं दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से श्रमिकों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने में सुविधा होगी, वहीं नियोक्ताओं को भरोसेमंद एवं कुशल श्रमिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
एप में कार्य पूर्ण होने के बाद श्रमिक और नियोक्ता एक-दूसरे को रेटिंग एवं फीडबैक भी दे सकेंगे। इससे कार्य की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से भविष्य में कुशल श्रमिकों के लिए बेहतर रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
नियमित और सम्मानजनक रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से श्रमिक आसानी से अपनी प्रोफाइल तैयार कर सकते हैं और उपलब्ध कार्यों की जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं। इससे उन्हें नियमित एवं सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। यह पहल श्रमिकों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने के साथ ही रोजगार प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सहायक होगी। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से श्रमिकों को उनकी दक्षता के अनुरूप रोजगार तथा नियोक्ताओं को उपयुक्त श्रमिक उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh