
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत जिले का पांचवां शिविर 11 सितम्बर को रौन में
शासकीय वेयरहाउस (रौन) में लगेगा जनविश्वास शिविर
शिविर के सफल आयोजन के लिए क्लस्टर नोडल अधिकारी नियुक्त
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत जिले का पांचवां शिविर 11 सितम्बर 2026 को तहसील रौन के शासकीय वेयरहाउस में आयोजित किया जाएगा। जनविश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर में खाद्यान्न पर्ची, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, फार्मर आईडी समग्र, आधार कार्ड निर्माण व अद्यतन और संबल पंजीयन की सुविधा मिलेगी। शिविर में राजस्व, कृषक कल्याण, उद्योग, पशुपालन, उद्यानिकी, श्रम, ऊर्जा, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, महिला बाल विकास, सामाजिक न्याय, इत्यादि विभागों और नगर परिषद व जनपद पंचायत के स्टाल रहेंगे, जिसमें नागरिक अपनी लंबित और नई शिकायतों का समाधान करवा सकेंगे और संबंधित हितग्राहीमूलक योजनाओं के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। जनसुनवाई में शिकायतकर्ता अपनी समस्याओं को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाएगा जिसमें मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण और दवाई वितरण की व्यवस्था रहेगी। शिविर में मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, दंतरोग, नेत्र रोग और असंचारी रोगों-बीपी और मधुमेह की जांच और परामर्श दिए जाएंगे। मरीजों के लिए पैथोलाजी और एक्सरे जांच की भी व्यवस्था रहेगी। शिविर में आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा सकेंगे।
रौन शिविर के सफल आयोजन के लिए 8 सेक्टर बनाकर क्लस्टर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। क्लस्टर नोडल अधिकारी क्लस्टरवार ग्राम पंचायतों में शिविर पूर्व भ्रमण और भ्रमण के समय जनसंवाद करेंगे और नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करेंगे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#भिण्ड
#Bhind