
महुली पुलिस की सख्ती, शराब की दुकानों के आसपास अराजक तत्वों पर पैनी नजर
संत कबीर नगर में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सतर्कता अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थाना महुली पुलिस एवं थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय के नेतृत्व में शराब की दुकानों और उनके आसपास विशेष चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने शराब की दुकानों के आसपास अनावश्यक रूप से बैठने वाले लोगों, संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। साथ ही कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस ने शराब दुकानदारों को भी निर्देश दिया कि दुकानों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें और किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि शराब का सेवन कर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, गाली-गलौज या राहगीरों से अभद्रता न करें। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।