मंझरिया गंगा में पट्टे की जमीन पर विवाद, फर्जी दस्तावेजों से बैनामे का आरोप
संतकबीरनगर के खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के मंझरिया गंगा गांव में अनुसूचित जाति की पट्टे की जमीन के कथित बैनामे और निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। शिकायतकर्ता अरविंद यादव ने समाधान दिवस में एसडीएम सदर को प्रार्थना पत्र देकर बैनामे, अवैध कब्जे और निर्माण की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार गाटा संख्या 360 की भूमि पूर्व में अनुसूचित जाति के रामचेत पुत्र रामबली को पट्टे पर आवंटित की गई थी। आरोप है कि सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना कथित कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि का बैनामा गैर-अनुसूचित जाति के दलेश्वर चौधरी के पक्ष में करा दिया गया।
मामले में एसडीएम सदर हृदयराम तिवारी द्वारा जांच पूरी होने तक निर्माण रोकने का आदेश दिए जाने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद निर्माण जारी है। वहीं चौकी प्रभारी विनोद कुमार पांडे ने आदेश प्राप्त होने की जानकारी से इनकार किया है।
राजस्व विभाग के कानूनगो रामचंद्र कनौजिया ने भूमि के पूर्व में अनुसूचित जाति के व्यक्ति को पट्टे पर आवंटित होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की रिपोर्ट विभाग के पास उपलब्ध है।
दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। फिलहाल प्रकरण एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है और जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।