
मणिमहेश यात्रा में 15 दिन में 6297 श्रद्धालुओं को मिला मेडिकल सहारा
डल झील में सबसे ज्यादा 2202, गौरीकुंड में 2020 श्रद्धालुओं ने ली स्वास्थ्य सेवाएं
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर भरमौर, 10 सितंबर।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर स्थापित मेडिकल कैंप श्रद्धालुओं के लिए राहत का बड़ा सहारा बने हुए हैं। 25 अगस्त से 9 सितंबर सुबह 9 बजे तक कुल 6297 श्रद्धालुओं एवं यात्रियों ने इन मेडिकल कैंपों में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल ने बताया कि यात्रा मार्ग पर डल झील, गौरीकुंड, सुन्दरासी, धन्छो, हड़सर और भरमाणी में मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। इनमें श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच के साथ प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार डल झील मेडिकल कैंप में सर्वाधिक 2202 लोगों, जबकि गौरीकुंड कैंप में 2020 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गईं। इसी तरह सुन्दरासी में 658, हड़सर में 670, धन्छो में 451 तथा भरमाणी मेडिकल कैंप में 296 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें यात्रा मार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं। श्रद्धालुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार और दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। विभाग का कहना है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं।
मेडिकल कैंपों में श्रद्धालुओं की सुविधा के आंकड़े:
डल झील — 2202
गौरीकुंड — 2020
हड़सर — 670
सुन्दरासी — 658
धन्छो — 451
भरमाणी — 296
कुल — 6297