
#भरतपुर। नदबई के पंचायत समिति सभागार में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल कौशिक की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चिकित्सा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के कड़े निर्देश दिए गए। डॉ. कौशिक ने आरसीएच गतिविधियों के तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों के एंटीजनवाइज शत-प्रतिशत टीकाकरण, एनिमिक व हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की उचित देखभाल और एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया। मौसमी बीमारियों डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए बीसीएमओ ने सभी एएनएम और सीएचओ को आशा सहयोगिनियों के साथ घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले दो दिनों के भीतर पानी के भराव वाले स्थानों पर एमएलओ और अबेट डालकर एंटी-लार्वा गतिविधियां शत-प्रतिशत पूरी कर रिपोर्ट कार्यालय भेजने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं और रोकथाम कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों सहित बीपीओ प्रमोद मुदगल, बीएनओ अनिल मुदगल और नीलम कुमारी समेत पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।