#भरतपुर। चुनावों में कथित वोट चोरी और धांधली के विरोध में भरतपुर कांग्रेस ने मंगलवार को बिजली घर चौराहे से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर उन्हें रोका, जिसके बाद उग्र नारेबाजी और पुलिस से झड़प के बीच दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारियां दीं। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव रिक्की हंतरा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने वश में करके वोटों की चोरी की है। इसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हालिया निकाय चुनावों में पार्षदों को जबरन होटलों में कैद कर भाजपा का बोर्ड बनाया गया, जो लोकतंत्र की हत्या है। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर तनाव बढ़ने और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बेरिकेड्स पर चढ़कर नारेबाजी करने के बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को बसों में भरकर हिरासत में ले लिया।