#भरतपुर। राज्य मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जीआर मूलचंदानी ने भरतपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मानव अधिकारों के संरक्षण से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता बरतने और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों में बुजुर्गों व दिव्यांगजनों के लिए अलग काउंटर, सफाई और जिरियाट्रिक वार्ड की व्यवस्था सुधारने तथा केंद्रीय कारागृह में कैदियों के लिए सुरक्षित बैरक, पेयजल व पारदर्शी परिजन वार्ता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पुलिस थानों में सीसीटीवी चालू रखने, एफआईआर दर्ज करने में पारदर्शिता बरतने और बाल संप्रेषण गृह में चिकित्सकों की व्यवस्था के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी और पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने आयोग के प्रकरणों पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया।