
विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 का किया जा रहा है आयोजन
प्रक्रिया पांच चरणों में की जाएगी आयोजित
जिले में युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संचालित किया जा रहा है जन-जागरूकता एवं पंजीयन अभियान
भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का प्रथम चरण विकसित भारत प्रश्नोत्तरी है, जो माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध है। इसके माध्यम से देशभर के युवाओं को भारत के भविष्य को आकार देने तथा विकसित भारत@2047 की परिकल्पना से जुड़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। विकसित भारत प्रश्नोत्तरी 22 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत, भारतीय विरासत, देश की उपलब्धियों, विकास यात्रा तथा विकसित भारत@2047 की परिकल्पना से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों के सामान्य ज्ञान का परीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाना, ज्ञानपूर्ण सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा प्रत्येक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश से व्यापक युवा प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है।
विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 की पूरी प्रक्रिया पांच चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण के अंतर्गत 17 अगस्त से 30 सितम्बर 2026 तक विकसित भारत प्रश्नोत्तरी आयोजित की जा रही है। इसके बाद द्वितीय चरण में 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक निबंध प्रतियोगिता, तृतीय चरण में 10 से 16 नवम्बर 2026 तक जिला चैंपियनशिप (प्रस्तुतीकरण), चतुर्थ चरण में 17 नवम्बर से 7 दिसम्बर 2026 तक राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संवाद (प्रस्तुतीकरण) तथा अंतिम चरण अर्थात राष्ट्रीय संवाद का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।
इसी क्रम में मेरा युवा भारत केंद्र, भिण्ड द्वारा जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से जिले में युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता एवं पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी भिण्ड द्वारा जारी निर्देश के माध्यम से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, अग्रणी जिला महाविद्यालय के प्राचार्य, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स सहित संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभियान की नियमित समीक्षा एवं निगरानी हेतु जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी अजीम खान जी को नोडल एवं जिला युवा अधिकारी माय भारत केंद्र भिंड आशुतोष साहू को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी भिण्ड द्वारा भी जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश जारी कर विद्यार्थियों को विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 की प्रश्नोत्तरी में सहभागी बनाने तथा निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही किया जाए। वहीं अग्रणी जिला महाविद्यालय भिण्ड द्वारा महाविद्यालयों में अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता के लिए पांच-पांच विद्यार्थियों की टीम गठित कर युवाओं का विकसित भारत प्रश्नोतरी में पंजीयन के निर्देश दिए गए हैं।
मेरा युवा भारत केंद्र भिण्ड द्वारा इन निर्देशों के अनुरूप शैक्षणिक संस्थानों, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा संगठनों एवं संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय कर युवाओं को विकसित भारत प्रश्नोत्तरी की प्रक्रिया, पंजीयन एवं सहभागिता के संबंध में जानकारी दी जा रही है। युवाओं को मेरा युवा भारत के पोर्टल पर पंजीयन कर प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए पोर्टल पर जाकर सहभागिता विकल्प का चयन, मोबाइल नंबर अथवा ई-मेल के माध्यम से पंजीयन, आवश्यक विवरण भरना तथा प्रश्नोत्तरी पूर्ण करने के बाद प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है।
मेरा युवा भारत केंद्र भिण्ड द्वारा जिले के युवाओं से अपील की गई है कि वे विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 के इस महत्वपूर्ण अभियान से जुड़कर विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में अधिकाधिक संख्या में भाग लें तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए अपने ज्ञान, विचारों एवं नवाचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के इस अवसर का लाभ उठाएं। जिला प्रशासन एवं मेरा युवा भारत केंद्र द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों से भी अभियान को व्यापक रूप से प्रचारित कर अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का आग्रह किया गया है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#भिण्ड
#Bhind