
देवास: किराना दुकान के काउंटर में छिपाकर रखे थे पटाखे, पुलिस ने मारा छापा; 5,500 रुपए के पटाखे जब्त
मातमोर गांव में राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दुकान संचालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज
देवास। दीपावली के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मातमोर में एक किराना दुकान के काउंटर से पटाखों का अवैध भंडारण पकड़ा गया। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से करीब 5,500 रुपए कीमत के पटाखे जब्त कर दुकान संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को 6 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मातमोर गांव की एक किराना दुकान में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर संयुक्त टीम ने दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर में पटाखे रखे मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
मामले में दुकान संचालक कमल पिता हीरालाल राठौर (38), निवासी मातमोर के खिलाफ कमलापुर थाने में अपराध क्रमांक 333/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 288 बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(बी)(1)(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
अवैध भंडारण पर प्रशासन की नजर
रहवासी क्षेत्रों में पटाखों का अवैध भंडारण आगजनी और बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसी आशंका को देखते हुए राजस्व और पुलिस विभाग द्वारा जिले में संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
देवास पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आसपास कहीं भी पटाखों का अवैध भंडारण या बिक्री दिखाई दे तो डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7049125083 पर सूचना दें।