
पति को शराब पिलाकर खेत मालिक महिला से करता था दुष्कर्म,
जहरीली शराब पिलाकर पति की हत्या के प्रयास का भी आरोप
बीकानेर । बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र में एक महिला श्रमिक की ओर से खेत मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, धमकी, अश्लील हरकतें, हत्या के प्रयास तथा एससी एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच नोखा सीओ को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार पीडिता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2023 में विवाह के बाद वह अपने पति के साथ मजदूरी करने के लिए एक कृषि फार्म पर रहने लगी थी। आरोप है कि खेत मालिक ने पहले दोनों को मजदूरी पर रखा और रहने की व्यवस्था की। इसी दौरान वह महिला को अकेला पाकर अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर उसने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में कथित रूप से महिला के साथ लगातार अभद्र व्यवहार करता रहा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी महिला के पति को लगातार शराब पिलाता था। कई बार अधिक शराब पिलाकर उसे बेहोश कर देता और उसके बाद महिला को उसकी नाबालिग बेटी तथा पति की हत्या की धमकी देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म करता था। महिला का आरोप है कि डर और लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह लंबे समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी।
पीडिता ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसे और उसके पति को दूसरे खेत पर काम करने के लिए भेज दिया गया, लेकिन वहां भी आरोपी नियमित रूप से आता रहा। शिकायत के अनुसार अगस्त 2026 में भी आरोपी ने खेत पर पहुंचकर पति को अधिक शराब पिलाई और उसके बाद महिला के साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर फिर से परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि आरोपी के परिजन और सहयोगी बताए गए दो अन्य व्यक्तियों ने भी महिला के साथ अश्लील हरकतें कीं। लगातार प्रताडना से परेशान होकर महिला अपने परिजनों की सहायता से बीकानेर लौट आई। इसके बाद आरोपी कथित रूप से उसे वापस खेत पर भेजने के लिए लगातार दबाव बनाता रहा।
महिला ने शिकायत में आगे आरोप लगाया कि जब वह वापस जाने को तैयार नहीं हुई तो आरोपी ने उसके पति को शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। शराब पीने के बाद पति की तबीयत बिगड़ गई, उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गया।
उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उपचार चला। उपचार के बाद उसकी याददाश्त कमजोर होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
परिजनों को पूरी घटना की जानकारी देने के बाद महिला ने पुलिस से संपर्क कर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में जसरासर निवासी सुंदरलाल छींपा, मदन छींपा व अजय के खिलाफ बीएनएस की दुष्कर्म, आपराधिक धमकी, अश्लील हरकत, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं तथा एससी एसटी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच नोखा सीओ को सौंपी गई है।