
*बिल्ली को कुत्ते से बचाने गई 4 साल की बच्ची पर स्ट्रीट डॉग ने किया हमला, चेहरे में गहरे घाव*
सतना। पड़ोसी पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बिल्ली को स्ट्रीट डॉग के जबड़े से छुड़ाने पहुंची 4 साल की बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहर में गंभीर घाव आए हैं। लहूलुहान हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सतना के बिरला अस्पताल रेफर किया गया। बच्ची को पीआईसीयू में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक रुहानिका रजक (4), पिता राकेश रजक, सोमवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। पिता राकेश ने बताया कि बच्ची को जानवरों से काफी लगाव है। इसी दौरान उसने देखा कि एक स्ट्रीट डॉग बिल्ली को अपने जबड़े में दबाए हुए है। रुहानिका बिल्ली को बचाने के लिए उसके पास पहुंची और उसे छुड़ाने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान कुत्ते ने बिल्ली को छोड़कर बच्ची पर हमला कर दिया। राकेश रजक वन विभाग में चौकीदार (वन रक्षक) पद पर पदस्थ है।
कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को बुरी तरह नोंच लिया। रुहानिका की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख कुत्ता वहां से भाग गया। परिजन घायल बच्ची को तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए सतना के बिरला अस्पताल लाया गया, जहां उसे पीआईसीयू में भर्ती किया गया है।