बटसा गांव में नहर पर बनी पुलिया टूटी, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे ग्रामीण।
स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की परेशानी, कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
रोहतास। दावथ प्रखंड की इटवा पंचायत अंतर्गत बटसा गांव में नहर पर बनी छोटी पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया के नीचे गंदा पानी जमा है और रास्ते की स्थिति भी जर्जर है।
ग्रामीणों के अनुसार, इसी खतरनाक रास्ते से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और किसान आते-जाते हैं। कई बार लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा रास्ता बंद हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की मरम्मत को लेकर कई बार मुखिया और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह से मामले का संज्ञान लेकर पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।