
योगी ने अयोध्या से लड़ने का अखिलेश का चैलेंज स्वीकारा: कहा- चेलों से क्या लड़ना, आप भी लड़िए, हम भी लड़ते हैं, आमने-सामने हो मुकाबला
योगी ने अखिलेश यादव की अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती स्वीकार कर ली है। बलरामपुर में शनिवार को योगी ने कहा- अरे अखिलेश जी, अयोध्या से आप भी लड़िए, हम भी लड़ते हैं। आप भी नामांकन करिए, मैं भी करता हूं। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लेते हैं। लड़ाई चेलों से क्यों, आमने-सामने होनी चाहिए। एक बार आमना-सामना हो ही जाए।
योगी ने कहा-
" सपा के बबुआ अभी से बौखला गए हैं। ये माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले, उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले लोग हैं। ये हमसे क्या लड़ेंगे, इनकी हिम्मत नहीं है। जनता पहले भी इनकी छुट्टी कर चुकी है। खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी स्थिति इन लोगों की हो चुकी है।
योगी ने कहा- अयोध्या हमारा पावन धाम है। मैं इसलिए बार-बार अयोध्या जाता हूं, जिससे वहां के विकास में कोई कोताही न हो। यूपी की पहचान पर किसी प्रकार का कलंक न लगे। अयोध्या हमारी आस्था की स्थली है। चुनाव लड़ने के लिए नहीं, वहां के विकास के लिए हम जाते हैं।
दरअसल, अखिलेश ने गुरुवार को सीएम योगी को चुनौती दी थी। कहा था- बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतने ही आश्वस्त हैं, तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। इस बार अयोध्या ही नहीं, पूरे देश की जनता धर्म और धन चुराने वालों को बख्शेगी नहीं।