
भानु में गूंजी मानव अधिकारों पर बहस, 8 CAPFs के जवानों-अधिकारियों ने रखे तर्क
पंचकूला के भानु स्थित आईटीबीपी बेसिक ट्रेनिंग सेंटर में नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) के तत्वावधान में “नॉर्थ ज़ोन इंटर-सीएपीएफ डिबेट कॉम्पिटिशन 2026” का सफल आयोजन किया गया। मानव अधिकार जागरूकता वर्ष 2026 के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारियों एवं जवानों में मानव अधिकारों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ-साथ महत्वपूर्ण मानवीय मुद्दों पर तार्किक एवं सार्थक विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना था।
इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “सबसे बुरे संकट में भी मानव अधिकार वैकल्पिक नहीं हैं” रहा। प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में प्रभावी तर्क प्रस्तुत करते हुए मानव अधिकारों की सार्वभौमिकता, संकट के समय मानव गरिमा की रक्षा तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिता में ITBP, BSF, CRPF, CISF, RPF, आसाम राइफल्स और SSB सहित विभिन्न CAPFs की टीमों ने भाग लिया। हिंदी और अंग्रेजी दोनों श्रेणियों में प्रतिभागियों ने तर्क, तथ्य, अभिव्यक्ति और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विषय के विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा। प्रत्येक भाषा में 14 प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia