
बिना लाइसेंस सूअर काटने और शराब पिलाने का आरोप, विरोध करने पर युवक से मारपीट
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस सूअर काटने और मांस बेचने के साथ दुकान पर खुलेआम शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए एक युवक ने पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित ने दुकानदार पर शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए दुकान की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
विष्णुधाम निवासी नीरज पुत्र रामौतार के अनुसार, 9 नवंबर को वह बरेली से रिठौरा जा रहे थे। सिंघाई मोड़ पर कलापुर पुलिया से पहले उनकी गाड़ी खराब हो गई। उन्होंने पास में सूअर की दुकान चलाने वाले व्यक्ति से गाड़ी खड़ी करने की बात कही और मिस्त्री बुलाने चले गए। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
नीरज का आरोप है कि विरोध करने पर दुकानदार ने पुलिस में अच्छी सेटिंग होने की बात कहते हुए धमकी दी। इसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दुकानदार दुकान बंद कर मौके से चला गया।
पीड़ित के मुताबिक, स्थानीय लोगों से जानकारी करने पर दुकानदार की पहचान बबलू पुत्र मदनलाल निवासी ग्राम चित्रापुर, थाना इज्जतनगर के रूप में हुई। नीरज ने पुलिस चौकी बैरियर में दिए प्रार्थना पत्र में दुकान के लाइसेंस की जांच कराने, अवैध गतिविधियां पाए जाने पर दुकान बंद कराने तथा मारपीट और धमकी के मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि एवं पुलिस का पक्ष अभी प्राप्त नहीं हुआ है।#BareillyNews #BareillyNewsLive #बरेली #इज्जतनगर #पुलिसशिकायत #मारपीट #अवैधकारोबार #उत्तरप्रदेशपुलिस