जनगणना-2027 का बिगुल! जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने परिवार और स्टाफ के साथ खुद की स्वगणना, बरेली में अभियान का किया आगाज
आमजन से डीएम की अपील—घर बैठे खुद दर्ज करें परिवार का ब्योरा, जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर निभाएं भागीदारी
बरेली, 16 नवंबर। जनगणना-2027 को लेकर बरेली में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार को अपने कैम्प कार्यालय से स्वगणना अभियान का विधिवत शुभारम्भ किया। खास बात यह रही कि डीएम ने केवल अभियान की शुरुआत ही नहीं की, बल्कि अपने परिवार और कैम्प कार्यालय के समस्त स्टाफ के साथ स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर आमजन के सामने सहभागिता की मिसाल भी पेश की।
डीएम ने खुद की स्वगणना, जनता को दिया भागीदारी का संदेश
स्वगणना अभियान की शुरुआत करते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी संसाधनों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।
सही जानकारी दर्ज कराएं, देश के विकास में बनें भागीदार
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना-2027 के तहत उपलब्ध स्वगणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं और अपने परिवार की सही एवं सटीक जानकारी दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि स्वगणना के जरिए लोग खुद अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
डीएम ने कहा कि जनगणना महज आंकड़े जुटाने का काम नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है। हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझे और अपने आसपास के लोगों को भी स्वगणना के लिए जागरूक करे।
अधिकारियों को प्रचार-प्रसार के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वगणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि जनपद के अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें और जनगणना-2027 में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संदेश साफ है—जनगणना में हर नागरिक की भागीदारी, देश के विकास की मजबूत तैयारी।
#Bareilly #BareillyNewsLive #BareillyDM #AvinashSingh #Census2027 #जनगणना2027 #बरेली #जिलाधिकारीबरेली #स्वगणना #उत्तरप्रदेश