
7.5 एकड़ की अवैध कॉलोनी में चला डीटीपी का बुल्डोजर, कब्जाधारियों को खदेड़ा।
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
: जिला नगर योजनाकार द्वारा बुधवार को गांव चिल्हड़ में बने हुए अवैध निर्माणों पर तोड़फोड़ की कार्यवाही की गई। यहां बिना अनुमति के लगभग 7.5 एकड़ में अवैध रूप से विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में 38 डीपीसी, 8 परिकास्ट चारदीवारी व कच्चे रोड नेटवर्क पर तोड़फोड़ की कार्यवाही अमल में लाई गई। जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्त डयूटी मैजिस्ट्रेट की देखरेख में भारी पुलिस प्रशासन की सहायता से कार्यवाही अमल में लाई गई।
जिला नगर योजनाकार नरेन्द्र नैन ने आमजन से अनुरोध किया है कि कोई भी अवैध निर्माण न करे तथा प्लाट खरीदने से पहले इस कार्यालय से उस कालोनी की वैधता बारे सुनिश्चित करें। ताकि विभागीय कार्यवाही एवं आर्थिक नुकसान से बचाव हो सके। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लेवें। अवैध कालोनी काटनेवाले प्रोपर्टी डीलर आमजन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्यवाही की जाती है। उस समय जिस व्यक्ति द्वारा वह प्लाट खरीदा गया है वह अपने आप को ठगा हुआ महसूस करता है। इसलिए आमजन से बार-बार यही अपील की जाती है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट न खरीदें ताकि आमजन की गाढी कमाई बेकार न जाए। कोई भी व्यक्ति प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता बारें जिला नगर योजनाकार कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस को छानबीन कर सकता है।
Rewari, Rewari | Sep 9, 2026