
जिलाधिकारी चित्रकूट की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), विद्युत विभाग, कार्यदायी फर्मों, आईएसए एजेंसियों एवं टीपीआई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे
समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 414 ग्रामों के सापेक्ष 355 ग्रामों में नियमित जलापूर्ति, 371 ग्रामों में रोड रेस्टोरेशन तथा 247 ग्रामों में हर घर जल प्रमाणीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है।
जिलाधिकारी ने एलएंडटी, जीवीपीआर एवं रेट्रोफिटिंग परियोजनाओं की कार्यदायी फर्मों को पाइपलाइन, हाउस कनेक्शन, स्काडा ऑटोमेशन, नियमित जलापूर्ति एवं हर घर जल प्रमाणीकरण के अवशेष कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, रोड रेस्टोरेशन अभियान के अंतर्गत अवशेष क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, सीएचसी, पीएचसी, पुलिस थानों एवं पंचायत भवनों में अवशेष हाउस कनेक्शन पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कराने तथा चांदी बंगार ग्राम समूह पेयजल योजना के सीडब्ल्यूआर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
ग्रामीण पेयजल संबंधी समस्याओं एवं जानकारी के लिए जल सारथी ऐप तथा जल जीवन मिशन की वेबसाइट https://jjm.up.gov.in/ का उपयोग कर सकते हैं।