
रीवा जिला पंचायत की CEO बनीं सृष्टि देशमुख, पति डॉ. नागार्जुन गौड़ा को सतना नगर निगम की कमान
IAS दंपती का खंडवा से तबादला, दोनों को अलग-अलग जिलों में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
रीवा/सतना। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में चर्चित IAS दंपती सृष्टि देशमुख गौड़ा और डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन के आदेश के अनुसार सृष्टि देशमुख गौड़ा को अपर कलेक्टर खंडवा से स्थानांतरित कर जिला पंचायत रीवा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वहीं उनके पति डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को जिला पंचायत खंडवा CEO के पद से स्थानांतरित कर नगर निगम सतना का आयुक्त नियुक्त किया गया है। उन्हें सतना स्मार्ट सिटी के CEO का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
दोनों अधिकारी 2019 बैच के IAS अधिकारी हैं और इससे पहले खंडवा में एक साथ पदस्थ थे। सृष्टि देशमुख अपनी UPSC सफलता और प्रशासनिक करियर को लेकर देशभर में चर्चित रही हैं। वहीं डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने खंडवा जिला पंचायत CEO के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी।
रीवा जिला पंचायत CEO के रूप में सृष्टि देशमुख के सामने ग्रामीण विकास, पंचायतों के प्रशासनिक संचालन और शासन की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। दूसरी ओर डॉ. नागार्जुन गौड़ा के सामने सतना नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़े शहरी विकास कार्यों की जिम्मेदारी होगी।
IAS दंपती को अलग-अलग जिलों में मिली नई जिम्मेदारियों को लेकर विंध्य क्षेत्र के प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।