
अयोध्या में राम और भरत का मिलाप देख भावुक हुए लोग
कोंच। कोंच रामलीला में बुधवार की रात राम और भरत का मिलाप देख श्रद्घालुओं की आंखें छलक पड़ीं। लंका विजय के बाद राम, सीता और लक्ष्मण अयोध्या पहुंचे। पहले रामलीला रंगमंच पर इसके बाद देर रात महंतनगर स्थित मां काली मंदिर पर भरत मिलाप का आयोजन किया गया जिसमें इलाके के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
अवसान की ओर अग्रसर कोंच की ऐतिहासिक रामलीला के 174वें महोत्सव में परंपराओं का निर्वहन जारी है। रामलीला के स्थापना काल में भगवान राम की लीलाओं का मंचन बाग बगीचों और मंदिरों में होता रहा है और आज भी जब रामलीला स्टेजबद्घ हो चुकी है, परंपराओं के अनुरूप भगवान उन स्थानों पर जाकर पूर्व में स्थापित परंपराओं को निभाते हैं। भरत मिलाप की परंपरा भी महंतनगर में होती रही है, इसी क्रम में बुधवार रात लगभग बारह महंत शाला के पास स्थित मां काली के मंदिर पर राम और भरत का मिलाप हुआ। यह दृश्य इतना कारुणिक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें छलक पड़ीं। इस दौरान रामलीला आयोजन समिति के राजीव पटेल, शैलेष सोनी, संतोष तिवारी, चंद्रशेखर नगाइच, अतुल चतुर्वेदी, अभिषेक रिछारिया, रुचिर रस्तोगी, जय मुखिया, राघवेंद्र तिवारी, पवन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल खिल्ली वाले, सौरभ गुप्ता, चुन्ना बाबा, मुरारी आदि रहे।
Konch, Jalaun | Oct 23, 2026