
अवैध हथियारों पर बड़ा प्रहार, दो देसी कट्टों सहित 2 आरोपी गिरफ्तार...
अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 23 जून को अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकित (33), निवासी गांव पल्ला, फरीदाबाद को अटल पार्क सेक्टर-58 से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी सहित चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में केस दर्ज किया गया है।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच AVTS भूपानी की टीम ने विशाल (33), निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश को भूपानी रेलवे पुल के पास से अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना ओल्ड फरीदाबाद में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।