वर्तमान सरपंच के बोर्ड लगने से शुरू हुआ विवाद गोली कांड तक पहुंचा।
फरीदाबाद। भूपानी थाना क्षेत्र के कांवरा मोड़ पर वर्तमान सरपंच का बोर्ड लगने के मारपीट प्रकरण ने अब हिंसक रूप ले लिया है। यह घटना 29 मई को हुई लेकिन एक बड़े नेता का दबाव था मामले को निबटाने का इसलिए FIR दर्ज नहीं हुई। फिर जब पुलिस पर दबाव पड़ा तो 8 जून को एफआईआर दर्ज हुई। बताया जाता है कि बुधवार को एक पक्ष शिकायतकर्ताओं पर राजीनामे का दबाव बना रहा था उसी विवाद से जुड़े पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव डूंगरपुर निवासी सुनील बैंसला उर्फ सोनू को गोली लगने से घायल होने की सूचना है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि 29 मई को कांवरा मोड़ पर हुए विवाद में महकार सिंह के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पर भूपानी थाना में 8 जून को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में पूर्व सरपंच केशव भारद्वाज सहित कई लोगों के नाम शामिल किए गए थे। अब इसी विवाद की कड़ी में हुई गोलीबारी में भी पूर्व सरपंच केशव भारद्वाज और उनके परिजनों पर सुनील बैंसला उर्फ सोनू को गोली मारने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक गोलीबारी मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शुरुआती विवाद के बाद समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो मामला इस स्तर तक नहीं पहुंचता। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम को पुरानी रंजिश और पहले दर्ज मुकदमे से जोड़कर जांच कर रही है।