
सूरत में यूपी की महिला की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या, नहर किनारे मिला शव
गुजरात के सूरत शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक महिला की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुख्य आरोपी बबलू राजभर के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
मजदूरी कर पाल रही थीं तीन बच्चों का पेट
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की मूल निवासी रंजनादेवी यादव के पति दिनेश यादव की करीब आठ साल पहले दुबई में एक हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद परिवार का भरण-पोषण करने के लिए रंजनादेवी करीब पांच साल पहले अपने तीन बच्चों के साथ सूरत आ गई थीं। वह इच्छापोर इलाके में किराये के मकान में रहकर इच्छापोर डायमंड बोर्स स्थित एलबी डायमंड कंपनी में काम करती थीं।
रिश्ते में अनबन के बाद बंद थी बातचीत
करीब आठ महीने पहले रंजनादेवी की मुलाकात उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले 24 वर्षीय बबलू राजभर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। शुरुआती चार महीने सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच तनाव रहने लगा। बीते तीन-चार महीनों से रंजनादेवी ने बबलू से मिलना और बातचीत करना पूरी तरह बंद कर दिया था।
मिलने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
बीती 22 नवंबर की शाम करीब 7 बजे बबलू ने रंजनादेवी को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। रंजनादेवी अपने बच्चों को यह बताकर घर से निकलीं कि वह बबलू से मिलने जा रही हैं, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटीं। 24 नवंबर की सुबह इच्छापोर बस स्टैंड नंबर-3 के पास नहर किनारे एक खुले नाले के पास उनका शव बरामद हुआ।
चप्पल से मिला सुराग, पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि
घटनास्थल पर महिला का मोबाइल फोन, कपड़े और चप्पलें बिखरी पड़ी थीं। मृतका के बेटे ने वहां पड़ी एक सफेद चप्पल की पहचान आरोपी बबलू राजभर की चप्पल के रूप में की। शव के गले पर गहरे निशान, चेहरे-पैरों पर खरोंच और कान से खून बहने के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या और यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है।
बेसहारा हुए तीन मासूम
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एसआर (SR) होटल के पीछे नहर के पास सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। इच्छापोर पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पिता के बाद अब मां की भी हत्या हो जाने से तीनों मासूम बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं।
Hardoi, Hardoi | Nov 27, 2026