
नागपंचमी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, वार स्थित बाक्स बाबा मंदिर में दिनभर गुलजार रहा मेला
The silence media news
औरंगाबाद- जिले के मदनपुर प्रखंड के वार स्थित बकस बाबा मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का ताँता लगा रहा। नाग पंचमी के दिन नाग बाबा की पूजा करने को लेकर 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे शिवगंज रफीगंज मार्ग पूरी तरह जाम रहा। जहां लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
सावन माह की नागपंचमी पर मदनपुर प्रखंड के वार स्थित प्रसिद्ध बाक्स बाबा मंदिर में सोमवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। भक्तों ने बाक्स बाबा को दूध और लावा अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। रफीगंज शिवगज मार्ग में स्थित स्टेट हाइवे दोनों तरफ से लगभग 10 किलोमीटर तक प्रभावित रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण शिवगंज–रफीगंज मुख्य मार्ग पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। वार आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को कई जगह जाम का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद लोगों की आस्था कम नहीं हुई और ट्रैक्टर-ट्रॉली, चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल भी मंदिर पहुंचे।
बाक्स बाबा मंदिर को लेकर क्षेत्र में गहरी धार्मिक मान्यता है। स्थानीय लोगों का विश्वास है कि विषैले सांप के काटने पर पीड़ित को मंदिर लाकर बाक्स बाबा का जयकारा लगाने से उसे राहत मिलती है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि नागपंचमी पर दूध और लावा चढ़ाने की परंपरा वर्षों पुरानी है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ बाबा की पूजा करते हैं और उनकी कृपा से हर प्रकार की बाधा दूर होने की कामना करते हैं।
मेले की एक विशेष परंपरा यह भी है कि यहां दर्शन करने वाले श्रद्धालु इस दिन नमक का सेवन नहीं करते और मीठा भोजन ग्रहण करते हैं। आसपास के दर्जनों गांवों के अलावा जिले एवं पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। कई गांवों के श्रद्धालु धर्मध्वज लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
धार्मिक आयोजन के साथ मेले में रौनक भी देखते ही बन रही थी। बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें तथा मिठाई एवं अन्य खानपान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। महिलाओं और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ पूरे दिन मेले में बनी रही। श्रद्धालुओं ने खरीदारी के साथ मेले का भरपूर आनंद उठाया।
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और मेले में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। उनके साथ अपर थानाध्यक्ष राजेश पासवान, सुरेंद्र कुमार, रोहित कुमार, श्रीकांत पांडे सहित अन्य पुलिसकर्मी पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।
नागपंचमी पर आयोजित यह मेला एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा, जहां दिनभर श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का संगम देखने को मिला।
#thesilencemedianews #bakasbaba #rafiganj #aurangabad #Madanpur #औरंगाबाद