
वाहन चेकिंग में 285 चालान, दो वाहन सीज
सोरों क्षेत्र में यातायात पुलिस की सख्ती, 6.69 लाख रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क लगाया
कासगंज। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को सोरों क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 285 वाहनों के चालान किए गए, जबकि बिना ड्राइविंग लाइसेंस और मोडिफाइड साइलेंसर के साथ वाहन चलाने पर दो वाहनों को सीज कर दिया गया। चालान की कार्रवाई में कुल 6 लाख 69 हजार रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह की टीम ने 11 सितंबर को सोरों क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, बिना एचएसआरपी अथवा त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई की गई। इसके साथ ही यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना फिटनेस, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों की भी जांच की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।