
-कॉंग्रेस के मुकेश शर्मा बने उपजिला प्रमुख
कॉंग्रेस के मुकेश शर्मा बने उपजिला प्रमुख,मुलेश शर्मा को मिले 25 मत ,जबकि भाजपा के कालूराम को मिले महज 4 मत
सवाई माधोपुर जिला परिषद के उप जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश शर्मा उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कालूराम को 21 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश शर्मा को कुल 25 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी कालूराम को महज 4 मतों से संतोष करना पड़ा। जिला परिषद में कुल 31 सदस्य हैं, जिनमें से 29 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक कांग्रेस सदस्य और एक निर्दलीय सदस्य मतदान प्रक्रिया से दूर रहे। गौरतलब है कि जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस ने कुल 31 सीटों में से 26 सीटों पर जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम किया था, जबकि भाजपा के खाते में केवल 4 सीटें आई थीं और एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस को 25 मत मिलना पार्टी की एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है। वहीं भाजपा अपने सभी चार सदस्यों का समर्थन हासिल करने में सफल रही। उप जिला प्रमुख पद पर मुकेश शर्मा की जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।समर्थकों ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख मुकेश शर्मा का फूलमालाओं से लादकर और साफा पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। जिला प्रमुख पद पर आशा बैरवा के निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस की जीत ने सवाई माधोपुर जिला परिषद में पार्टी की स्थिति को और मजबूत कर दिया है। पंचायत राज चुनाव के बाद जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।