
पूर्व CM को बताया अहीरवाल के पिछड़ेपन का जिम्मेदार:रघु यादव बोले- लोग जानते हैं क्या काम हुआ; आरती राव के बयान पर पलटवार
रेवाड़ी में पानी की उपलब्धता और विकास कार्यों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के बयान पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं रेवाड़ी के पूर्व विधायक रघु यादव ने प्रतिक्रिया दी।
रविवार को प्रेसवार्ता में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राव बीरेंद्र सिंह पर अहीरवाल के पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार होने के आरोप लगाए। उन्होंने उनके कार्यकाल और सामाजिक शिक्षण संस्थाओं के संचालन पर भी सवाल उठाए।
आरती राव की बात पर किया पलटवार
कुछ दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कई बड़े प्रोजेक्ट का श्रेय अपने परिवार को दिया था। इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर रघु यादव ने कहा कि क्षेत्र के लोग जानते हैं कि अहीरवाल के लिए क्या काम हुआ।
बीएड दाखिलों के नाम पर चंदा लेने का आरोप
रघु यादव ने आरोप लगाया कि समाज के लोगों और उनके पुरखों ने शिक्षण संस्थाएं बनाई थीं, लेकिन उनका उपयोग शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने के बजाय कमाई के लिए किया गया। उन्होंने दावा किया कि बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए चंदा लिया जाता था और समर्थकों के परिवारों को भी इससे अलग नहीं रखा गया।
उन्होंने कहा कि पुराने और सेवानिवृत्त शिक्षकों से इस संबंध में जानकारी ली जा सकती है। रघु यादव ने तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों को लेकर भी सवाल उठाए।
तुलाराम के नाम पर किए वादों पर सवाल
इनेलो नेता ने पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत पर तुलाराम के नाम पर अहीर समाज से बड़े वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली में इन वादों के तहत वास्तव में क्या काम हुआ।
रघु यादव ने कहा कि वर्ष 1987 में विधानसभा में उन्होंने तुलाराम की छुट्टी बहाल कराने का मुद्दा उठाया था। उनके अनुसार, इसके बाद तुलाराम पार्क में सरकार की ओर से शहीदी दिवस का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि तुलाराम के नाम पर राजनीति करने वालों को अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए।
Rewari, Rewari | Nov 2, 2026