#रेवाड़ी जिले के#बावल स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र एवं कृषि महाविद्यालय परिसर में#तेंदुए जैसे जानवर के दिखाई देने की सूचना से हड़कंप मच गया। गेट नंबर-2 के पास एक कर्मचारी ने बड़े जानवर को देखकर तेंदुआ होने का संदेह जताया।
सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग को परिसर में जानवर के पैरों के निशान मिले हैं, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एहतियात के तौर पर कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आशंका को देखते हुए परिसर की झुग्गियों में रहने वाले ठेकेदारों के कर्मचारियों और उनके परिवारों को हटाकर हॉस्टल में ठहराया गया है। लोगों को अकेले बाहर न निकलने और समूह में रहने की सलाह दी गई है।
विश्वविद्यालय कर्मचारी राहुल कुमार ने बताया कि वह बावल से घर का सामान लेकर लौट रहे थे। शाम करीब 5:15 बजे मुख्य गेट से परिसर में प्रवेश करते समय बेरियों की तरफ से एक बड़ा जानवर निकलकर फालसेन की ओर जाता दिखाई दिया। उसके आकार को देखकर उन्हें तेंदुआ होने का संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत सिक्योरिटी कर्मचारियों को सूचना दी।
एक अन्य सुरक्षा कर्मचारी ने भी इसी तरह का जानवर देखने की बात कही। इसके बाद कर्मचारियों को समूह में रहने और सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। सूचना मिलने के करीब 10 मिनट में बावल थाना की आरबी-112 पुलिस गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। टीम दीपावली के दिन सुबह करीब 9 बजे परिसर पहुंची और घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जानवर के पैरों के निशान मिले। हालांकि, टीम ने तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की।
सिक्योरिटी गार्ड के अनुसार, परिसर में करीब 10 कुत्ते रहते थे, जिनमें एक पालतू कुत्ता भी शामिल था। जानवर दिखाई देने की सूचना के बाद से इनमें से कोई भी नजर नहीं आया। इससे कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई।
बावल क्षेत्र में इससे पहले रणथंभौर टाइगर रिजर्व का टाइगर एसटी-233 भी पहुंचा था। वह झाबुआ के जंगलों में करीब एक महीने तक रहा था। बाद में रणथंभौर टाइगर रिजर्व में उसकी मौत हो गई थी।
पुराने घटनाक्रम के कारण इस बार भी टाइगर आने की चर्चाएं शुरू हुईं। हालांकि, मौजूदा मामले में वन विभाग के अधिकारियों ने मिले पगमार्क को तेंदुए का बताया है। अरावली क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी को देखते हुए कर्मचारियों और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
फिलहाल तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं
वन विभाग की टीम ने निरीक्षण के बाद तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है। त्योहार के दौरान जल्दबाजी में ऐसी कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया गया, जिससे जानवर घबराकर किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचा सके। फिलहाल परिसर में आशंका बनी हुई है और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
Rewari, Rewari | Nov 10, 2026