
मुरैना में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 33 आरोपी गिरफ्तार; 339 लीटर शराब जब्त
मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरैना पुलिस ने 8 सितंबर 2026 को जिलेभर में बड़ी कार्रवाई की। विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 33 प्रकरण दर्ज कर 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 258 लीटर देशी और 81 लीटर विदेशी शराब, कुल 339 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,46,760 बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान सिविल लाइन, जौरा, अंबाह, कैलारस, दिगनी, बागचीनी, पोरसा, गाताबरौया समेत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए।
इसके साथ ही अवैध शराब के कारोबार में पूर्व से लिप्त 18 आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई भविष्य में अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री वाले संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी, चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
#morena #मुरैना #पुलिस