
बिहार के ऋषिपाल ने कबाड़ से बनाया मिनी ट्रैक्टर, एक लीटर डीजल में 25 KM का माइलेज
बिहार,न इंजीनियरिंग की डिग्री और न ही आधुनिक मशीनों से लैस कोई वर्कशॉप. गांव में उपलब्ध संसाधनों और अपनी तकनीकी समझ के दम पर 19 साल के ऋषिपाल शर्मा ने ऐसा मिनी ट्रैक्टर तैयार किया है, जो खेती के साथ सामान की ढुलाई में भी काम आ रहा है. गौरीपुर मंझरिया गांव के रहने वाले ऋषिपाल ने करीब तीन महीने की मेहनत और 80 हजार रुपये की लागत से इसे तैयार किया है. उनका दावा है कि ट्रायल के दौरान मिनी ट्रैक्टर ने एक लीटर डीजल में करीब 25 किलोमीटर का माइलेज दिया.मिनी ट्रैक्टर तैयार होने के बाद ऋषिपाल ने खुद इसे चलाकर ट्रायल किया. उनके मुताबिक, परीक्षण के दौरान एक लीटर डीजल में मशीन करीब 25 किलोमीटर चली. फिलहाल इसका इस्तेमाल खेतों की जुताई में किया जा रहा है. इसके अलावा ट्रॉली जोड़कर सामान की ढुलाई भी की जा सकती है.हालांकि, अभी इसमें दूसरे कृषि उपकरणों को चलाने की सुविधा विकसित नहीं की गयी है. इसके बावजूद गांव में तैयार इस मशीन को लेकर लोगों में उत्सुकता है.
किसान परिवार से आते हैं ऋषिपाल
ऋषिपाल के पिता गोपालजी शर्मा किसान हैं. बचपन से ही खेती-किसानी का माहौल देखने के कारण उनकी रुचि कृषि उपकरणों और मशीनों में बढ़ी. 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए आइटीआइ में दाखिला लिया.पढ़ाई के साथ ही वह अपने स्तर पर कुछ नया बनाने के प्रयोग में जुट गये. उनका मकसद खेती में इस्तेमाल होने वाले ऐसे उपकरण तैयार करना है, जो स्थानीय जरूरतों के काम आ सकें.
1900 रुपये में बना चुके हैं मिनी राइस मिल
मिनी ट्रैक्टर बनाने से पहले ऋषिपाल ने वर्ष 2024 में करीब 1900 रुपये खर्च कर मिनी राइस मिल तैयार की थी. यह प्रयोग सफल रहा, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ा. इसके बाद उन्होंने मिनी ट्रैक्टर बनाने की योजना पर काम शुरू किया.इस बार प्रोजेक्ट बड़ा था और इसके लिए कई अलग-अलग कल-पुर्जों की जरूरत थी. उन्होंने पुराने और उपलब्ध सामान का इस्तेमाल करते हुए मशीन का ढांचा तैयार किया.