उन्नाव में नागिन डांस के बीच निकले सांप ने युवक को डसा, मौत
अजगैन में चल रही थी मेहंदी की रस्म, सांप देखते ही मच गया हड़कंप
नवाबगंज (उन्नाव),अजगैन कस्बा निवासी देवराज द्विवेदी के घर बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। बुधवार को घर में हल्दी और मेहंदी की रस्म का कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जुटी थी। कार्यक्रम में डीजे बज रहा था और लोग खुशी में झूम रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डीजे पर नागिन डांस का गाना बज रहा था और इसी धुन पर 25 वर्षीय अर्जुन भी डांस कर रहा था। तभी अचानक वहां एक असली सांप निकल आया। सांप को देखते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी व भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
इस दौरान अर्जुन ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया और बाहर फेंकने की कोशिश करने लगा। इसी क्रम में सांप ने उसके हाथ में डस लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए लखनऊ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Hardoi, Hardoi | Nov 27, 2026