
बच्चों को POCSO एक्ट और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
विनायक एकेडमी इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर, गुड टच-बैड टच और बाल सुरक्षा पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
उरई, जालौन। अहिंसा दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को विनायक एकेडमी इंटर कॉलेज उरई में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को POCSO एक्ट-2012, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
शिविर की अध्यक्षता सिविल जज (14वां वित्त आयोग) जू०डि० सुश्री शैलजा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने के लिए POCSO कानून बनाया गया है। उन्होंने कानून के प्रमुख प्रावधानों और पीड़ित बच्चों को उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन की सचिव श्रीमती मनाली चन्द्रा ने बताया कि जरूरतमंद लोग जनपद न्यायालय परिसर उरई स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में जाकर विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से भी कानूनी सहायता की जानकारी ली जा सकती है।
प्रधानाचार्य विवेक शुक्ला ने बच्चों को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन नंबर की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी और तस्वीरों को सुरक्षित रखने तथा साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा और संदिग्ध व्यवहार की स्थिति में बिना झिझक माता-पिता, शिक्षकों या हेल्पलाइन से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया। पीएलवी महेश सिंह परिहार ने लोक अदालत और सुलह-समझौता केंद्र के लाभों की जानकारी दी।
इस दौरान स्कूल प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही।
#Jalaun #Orai #POCSOAct #ChildSafety #LegalAwareness #CyberCrime #ChildHelpline1098 #Emergency112 #DLSAJalaun #JalaunNews #BreakingNews #Bundelkhand #कानूनीजागरूकता #बालसुरक्षा
Kalpi, Jalaun | Sep 30, 2026