
जनसुनवाई में मिली शिकायत का विद्युत विभाग ने किया निराकरण
---------------------------
जांच के बाद उपभोक्ता का विद्युत कनेक्शन पुनः 12 एचपी से 10 एचपी किया, शिकायतकर्ता बलराम सिंह कार्यवाही से संतुष्ट
---------------------------
विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा आयोजित जनसुनवाई में आम नागरिकों की विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम मानपुर निवासी श्री बलराम सिंह की अधिक विद्युत बिल आने संबंधी शिकायत का विद्युत विभाग द्वारा निराकरण किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मानपुर निवासी श्री बलराम सिंह ने अपने विद्युत कनेक्शन क्रमांक 2027012910 का बिजली बिल अधिक आने के संबंध में 28 जुलाई 2026 को जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर के माध्यम से प्राप्त उक्त शिकायत पर विद्युत विभाग द्वारा जांच एवं आवश्यक कार्यवाही की गई।
इस संबंध में विद्युत विभाग के उपमहाप्रबंधक, विदिशा संभाग द्वारा पत्र क्रमांक 3974 दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के माध्यम से अवगत कराया गया कि शिकायतकर्ता ने पूर्व में 10 हॉर्स पावर (एचपी) क्षमता का विद्युत कनेक्शन लिया था। विभागीय जांच के दौरान उनके कनेक्शन पर 12 एचपी का विद्युत भार पाया गया था। इसके आधार पर कंपनी के नियमानुसार कनेक्शन की क्षमता 10 एचपी से बढ़ाकर 12 एचपी कर दी गई थी। इसके परिणामस्वरूप उपभोक्ता का विद्युत देयक भी 12 एचपी के आधार पर जारी होने लगा था।
इस पर उपभोक्ता द्वारा जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के निराकरण के लिए विद्युत विभाग द्वारा पुनः उनकी विद्युत मोटर की जांच की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा नई 10 एचपी क्षमता की मोटर स्थापित किए जाने की पुष्टि होने पर विभाग ने विद्युत कनेक्शन का भार पुनः 12 एचपी से घटाकर 10 एचपी कर दिया। इसके साथ ही उपभोक्ता का विद्युत देयक भी 10 एचपी की क्षमता के अनुसार संशोधित कर दिया गया है। विद्युत विभाग द्वारा की गई इस कार्यवाही से शिकायतकर्ता श्री बलराम सिंह संतुष्ट हैं। इस प्रकार जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत का तकनीकी जांच एवं नियमानुसार कार्यवाही कर समाधान सुनिश्चित किया गया। #vidisha