
छात्र/छात्राओं को शाला समय में विद्यालय से टैक्सी में बैठाकर कलेक्ट्रेट भेजने पर प्रधानाध्यापक सहित शिक्षकों पर की गई कार्यवाही
--
शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 अशोकनगर के छात्र/छात्राओं द्वारा शाला समय में 18 अगस्त 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर अशोकनगर में उपस्थित होकर उनके विद्यालय को सांदीपनी शासकीय मॉडल उ.मा.वि.अशोकनगर में मर्ज किये जाने के विरोध में नारेबाजी एवं धरना प्रदर्शन किया गया। उक्त घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिला शिक्षा अधिकारी मुध शर्मा द्वारा उक्त प्रकरण की जांच बी.ई.ओ. एवं बी.आर.सी.सी. अशोकनगर से कराई गई। प्राप्त जांच प्रतिवेदन अनुसार विद्यालय की शिक्षिका मंजू रानी जैन सहायक शिक्षक एवं कमल सिंह धौलपुरिया माध्यमिक शिक्षक शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 अशोकनगर द्वारा छात्र/छात्राओं को शाला समय में विद्यालय से टैक्सी में बैठाकर कलेक्ट्रेट भेजने की पुष्टि हुई है। छात्र/छात्राओं के शाला समय में बिना किसी अनुमति के कलेक्ट्रेट पहुँचकर नारेबाजी करने, छात्र/छात्राओं एवं अपने स्टाफ पर नियंत्रण न होने से विद्यालय की प्रधानाध्यापक शांता कुजूर भी उक्त प्रकरण में दोषी हैं।
उक्त के क्रम में मंजू रानी जैन सहायक शिक्षक शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 अशोकनगर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 19 अगस्त 2026 को निलंबित कर दिया गया है। शांता कुजूर प्रधानाध्यापक एवं कमल सिंह धौलपुरिया माध्यमिक शिक्षक शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 अशोकनगर को संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग ग्वालियर द्वारा 20 अगस्त 2026 को निलंबित कर दिया गया है।
शासन की नीति के विरोध में नारेबाजी कराने, शाला समय में टैक्सी में बैठाकर छात्र/छात्राओं को ले जाने एवं उनकी सुरक्षा के साथ खिलबाड़ करने का दोषी पाये जाने पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 अशोकनगर में पदस्थ शांता कुजूर प्रधानाध्यापक, कमलसिंह धौलपुरिया माध्यमिक शिक्षक एवं मंजूरानी जैन सहायक शिक्षक के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज (एफ.आई.आर.) कराने हेतु बी.ई.ओ./बी.आर.सी.सी. अशोकनगर को निर्देश जारी किए गए हैं।
#ashoknagar