
जोनल इंडस्ट्री राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में राजकीय पॉलीटेक्निक बांदा के ‘स्मार्ट कार पार्किंग’ प्रोजेक्ट को मिला द्वितीय स्थान
बांदा/झांसी। दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को राजकीय पॉलीटेक्निक, झांसी में संयुक्त निदेशक, बुंदेलखंड क्षेत्र, झांसी के मार्गदर्शन में मेधा लर्निंग फाउंडेशन द्वारा जोनल इंडस्ट्री राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें बुंदेलखंड क्षेत्र के समस्त राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारियों (TPOs) के साथ उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग, विभिन्न इंडस्ट्रीज, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना, विद्यार्थियों के कौशल विकास को प्रोत्साहित करना तथा रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करने, उद्योगोन्मुखी पाठ्यक्रम तैयार करने तथा विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसर बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा विकसित तकनीकी एवं नवाचारपरक प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें राजकीय पॉलीटेक्निक, बांदा के विद्यार्थियों द्वारा विकसित ‘स्मार्ट कार पार्किंग’ प्रोजेक्ट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान का परिचायक है।
इस उपलब्धि से राजकीय पॉलीटेक्निक, बांदा का गौरव बढ़ा है। विद्यार्थियों की इस सफलता से संस्थान में तकनीकी नवाचार एवं प्रायोगिक शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा। आशा है कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा एवं तकनीकी कौशल के माध्यम से संस्थान और बुंदेलखंड क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।