फर्रुखाबाद में 5 दिन बाद मिला छात्रा का शव: ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली थी, गंगा में कूदी
फर्रुखाबाद में गंगा में कूदी 15 साल की छात्रा का शव पांच दिन बाद गुरुवार शाम तीन बजे बरगदिया घाट के पास मिला। वह बीते शनिवार को घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकली थी।
छात्रा ने शनिवार शाम करीब 6:30 बजे पांचाल घाट पर पुरानी घटिया के पास गंगा में छलांग लगा दी थी। पुलिस और गोताखोर उसकी तलाश कर रहे थे। उसका शव घटनास्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर मिला।
छात्रा कमालगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपनी मां और बहन के साथ कादरी गेट थाना क्षेत्र में रहती थी और कक्षा 10 में पढ़ती थी।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटी। शाम को पांचाल घाट पर नाविकों ने उसे गंगा में छलांग लगाते देखा और पांचाल घाट चौकी प्रभारी को सूचना दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिकेश कुमार ने बताया कि छात्रा का शव बरगदिया घाट के पास मिला है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया है।