
...जब डीएम साहब बने शिक्षक, छात्राओं से पूछे गणित-अंग्रेजी के सवाल; कस्तूरबा विद्यालय की व्यवस्थाएं परखीं
अमेठी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भेटुआ में मंगलवार को उस समय छात्राओं में उत्सुकता देखने को मिली, जब जिलाधिकारी ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उनसे गणित और अंग्रेजी विषय के सवाल पूछे। डीएम ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा और पढ़ाई की गुणवत्ता का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने 3 नवंबर को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से गणित और अंग्रेजी के प्रश्न पूछे तथा उनकी समझ और विषयों पर पकड़ को परखा।
इसके बाद डीएम ने छात्राओं के खानपान, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, शयनकक्ष, लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि छात्राओं की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण बनाए रखने के साथ ही छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आवासीय सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
MYogiAdityanath DM Amethi Government of UP Akhilesh Yadav IAS Shashank Chaudhary
Amethi, Amethi | Nov 3, 2026