
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
आलीराजपुर 18 नवंबर 2026 । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, क्रांतिकारी शहीद छीतूसिंह किराड़ शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आलीराजपुर में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया l इस अभियान के तहत प्रत्येक संस्था स्तर पर निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दो-दो विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मीना सोलंकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मताधिकार के सही उपयोग तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक बनने और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को जिला स्तर पर अंतिम चरण की निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र जोबट से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चार विद्यार्थियों तथा विधानसभा क्षेत्र आलीराजपुर से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छह विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार दोनों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 10 विद्यार्थियों का अंतिम चरण के लिए चयन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान के अधिकार एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति समझ विकसित करना तथा युवा पीढ़ी को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। इस कार्यक्रम में डॉ. सी. एस. कनेश डॉ. सुरेश तोमर, डॉ. संतोष सूर्यवंशी, ईएलसी के नोडल अधिकारी प्रो. भावसिंह डावर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे l उक्त जानकारी जिला निर्वाचन द्वारा दी गई ।
#ceompeletion
#collector
#alirajpur