
ढाबे पर मारपीट के बाद युवक ने उपचार के दौरान उदयपुर में तोड़ा दम
चन्देरिया में आक्रोश, बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन किया जाम लगाया।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़।चंदेरिया क्षेत्र में ढाबे पर हुए विवाद में घायल युवक की मौत के बाद शनिवार को तनाव फैल गया। इलाज के दौरान उदयपुर के अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने चंदेरिया बाजार बंद कराकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। शनिवार दोपहर तक सैकड़ों महिला-पुरुष मुख्य बाजार में धरने पर बैठे रहे।
प्रदर्शन की सूचना पर ग्रामीण डीएसपी दिनेश सुखवाल, तहसीलदार और पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और कीर समाज के लोगों से वार्ता कर समझाइश का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
ग्रामीण डीएसपी दिनेश सुखवाल ने बताया कि चंदेरिया के रोलाहेड़ा रोड स्थित एक भोजनालय पर गुरुवार रात कुछ लोग खाना खा रहे थे। इस दौरान चंदेरिया निवासी प्रभुलाल पुत्र शंकरलाल कीर भी वहां मौजूद था। बातों-बातों में विवाद हो गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रभुलाल बीच-बचाव करने पहुंचा था। इसी दौरान किसी ने लकड़ी से प्रभुलाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे सांवलिया चिकित्सालय लाया गया, जहां से गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया गया। उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में शुक्रवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रात में मौत की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और कीर समाज के लोग एकत्र हो गए। शनिवार सुबह से ही आक्रोशित लोगों ने चंदेरिया कस्बा बंद कराकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।