श्री श्याम धाम चित्तौड़गढ़ में बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
चित्तौड़गढ़ 22 नवम्बर।
दिनांक 21 नवंबर को बोजुन्दा स्थित निर्माणाधीन श्री श्याम धाम में बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षाेल्लास, श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री श्याम धाम में बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया गया, जो आकर्षक श्रृंगार एवं भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
जन्मोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित किया गया। साथ ही मिश्री-मावे का विशेष केक काटकर बाबा को भोग लगाया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्याम भक्तों में उत्साह एवं भक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने उपस्थित होकर बाबा के जन्मोत्सव में भाग लिया तथा दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।ं
आयोजन में भजन गायकों कुमार दीप, भावेश कुमावत एवं माही जोशी ने बाबा श्याम के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा श्री श्याम धाम भजनों, जयकारों एवं बाबा की भक्ति से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भजनों की भावगंगा में डूबकर झूमते नजर आए और वातावरण पूरी तरह श्याममय हो गया।
इस अवसर पर श्याम प्रेमियों को लक्ष्मी स्वरूप में सिक्कों का वितरण भी किया गया, जो आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। श्रद्धालुओं ने इस अनूठी परंपरा को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ ग्रहण किया।
श्री श्याम धाम का मंदिर निर्माण कार्य निरंतर प्रगति पर है। समिति एवं श्याम भक्तों के सहयोग से धाम को भव्य स्वरूप देने का कार्य जारी है। भक्तों में इस बात को लेकर विशेष उत्साह है कि बाबा श्याम जल्द ही श्री श्याम धाम में विराजमान होने वाले हैं। आगामी समय में धाम के पूर्ण होने एवं बाबा के विराजमान होने से यह स्थान श्याम भक्तों के लिए आस्था, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनेगा।
जन्मोत्सव का यह आयोजन श्रद्धा, प्रेम, सेवा एवं भक्ति का सुंदर संगम रहा, जिसमें सभी श्याम प्रेमियों ने मिलकर बाबा का जन्मदिन यादगार बनाया।
Chittaurgarh, Chittorgarh | Nov 22, 2026