
*ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा मुक्ति टीम की जागरूकता मुहिम जारी*
*– गांव ढाबी कलां में दो नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से आमजन को किया नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक*
*– 10 नशा पीड़ितों की पहचान, चार को काउंसलिंग के बाद आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं*
फतेहाबाद, 7 अगस्त। जिले में नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे *ऑपरेशन जीवन ज्योति* के तहत नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसआई सुंदर लाल के कुशल नेतृत्व में टीम ने गांव ढाबी कलां में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए दो नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया। सभाओं में उपस्थित ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान तथा नशे से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया गया।
अभियान के दौरान टीम ने गांव में नशे से प्रभावित 10 व्यक्तियों की पहचान की। इनमें से मौके पर उपस्थित चार पीड़ितों की काउंसलिंग कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, अन्य चिन्हित पीड़ितों के परिजनों को सरकारी अस्पताल में उनका समुचित उपचार करवाने तथा नियमित काउंसलिंग के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उन्हें नशे की लत से बाहर निकालकर सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
इसके अतिरिक्त टीम द्वारा गांव के स्थानीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव, कानूनी प्रावधानों तथा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी प्रकार की नशा संबंधी सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन को अवगत कराने की अपील की गई। टीम ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जिलेभर में यह जागरूकता एवं काउंसलिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Uklana, Hissar | Aug 7, 2026