पंजाब से 61 लाख रुपये की 305 ग्राम हेरोइन लेकर ट्राईसिटी में सप्लाई करने पहुंचे तस्कर को पंचकूला पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का भी मामला दर्ज, 4 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ जारी
पंचकूला/ 24 अगस्त:- हरियाणा सरकार के नशा मुक्त हरियाणा अभियान को सफल बनाने और पंचकूला को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस की टीमें नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई करते हुए तस्करों से पूछताछ के आधार पर उनके सप्लायरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला की टीम ने पंजाब के जलालाबाद से भारी मात्रा में हेरोइन लेकर पंचकूला में सप्लाई करने पहुंचे 21 वर्षीय आरोपी समरजीत सिंह निवासी जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-7 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल टीम को 23 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि जलालाबाद का रहने वाला समरजीत सिंह भारी मात्रा में हेरोइन लेकर सेक्टर-6 स्थित टोपियरी पार्क के आसपास किसी ग्राहक को सप्लाई देने आने वाला है। सूचना के आधार पर इन्चार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची, वहां एक युवक पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल पर टोपियरी पार्क के गेट की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी पुलिस को देखकर वापस भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम हेरोइन, एक एप्पल आईफोन, कैश तथा सप्लाई में प्रयोग मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: पूछताछ के दौरान हेरोइन सप्लाई करने वाले अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की सप्लाई चेन, मुख्य सप्लायरों, ग्राहकों तथा नशे की खेप के स्रोत के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड तथा उसके संपर्क में रहे अन्य व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर आगे कहा कि पंचकूला को नशामुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की पूरी सप्लाई चेन और मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस के साथ आम जनता, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बेहद जरूरी है। हम सबको मिलकर इस लड़ाई में जीत हासिल करनी है और पंचकूला को नशामुक्त बनाना है।
Uklana, Hissar | Aug 24, 2026