ब्लैक फिल्म लगी मोडिफाइड कार पर पंचकूला पुलिस का एक्शन, 11 हजार रुपये का चालान कर मौके पर ही उतरवाई फिल्म
पंचकूला/कालका/ 25 अगस्त:- पंचकूला में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म तथा अन्य गंभीर यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार आज कालका में चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम ने ब्लैक फिल्म लगी एक मोडिफाइड कार को रोककर 11 हजार रुपये का चालान किया। पुलिस टीम ने मौके पर ही वाहन से ब्लैक फिल्म भी उतरवाई, ताकि वाहन चालक द्वारा नियमों की दोबारा उल्लंघना न की जा सके।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि हमारी टीमों द्वारा ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और मौके पर ही ब्लैक फिल्म उतरवाई जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों पर ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करें। वाहनों पर ब्लैक फिल्म किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Uklana, Hissar | Aug 25, 2026