*गांव झलनिया मर्डर मामले में फतेहाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पांच आरोपी कुछ ही घंटों में काबू*
*– अपराधियों को फतेहाबाद पुलिस की स्पष्ट चेतावनी—अपराध कर बच निकलना संभव नहीं, कानून का शिकंजा तय*
*– गंभीर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, किसी भी अपराधी को नहीं बख्शा जाएगा*
*फतेहाबाद, 25 अगस्त।* पुलिस अधीक्षक *श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* के दिशा-निर्देशानुसार जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अपनाई जा रही *जीरो टॉलरेंस नीति* के तहत सीआईए फतेहाबाद व थाना सदर फतेहाबाद की सयुंक्त पुलिस टीम ने गांव झलनिया में हुई हत्या के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल *पांच आरोपियों को महज कुछ ही घंटों में काबू कर लिया।*
काबू किए गए आरोपियों की पहचान *रामू उर्फ सीताराम निवासी झलनिया, रोहन पुत्र अशोक कुमार निवासी भिरडाना, गौरव उर्फ गुरप्रीत पुत्र चन्द निवासी माजरा, अजय पुत्र राजेन्द्र निवासी झलनिया तथा शंकर पुत्र रमेश* के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर फतेहाबाद व सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा तकनीकी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को एकत्रित करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस की तेज एवं समन्वित कार्रवाई के चलते वारदात में शामिल पांचों आरोपियों को कुछ ही घंटों में काबू कर लिया गया।
मृतक *महेन्द्र सिंह पुत्र भरत सिंह निवासी झलनिया* के भाई बुधराम के कथन पर थाना सदर फतेहाबाद में *अभियोग संख्या 337 दिनांक 25.08.2026, धारा 103(1), 3(5) व 61 बीएनएस* के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा काबू किए गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे के कारण, वारदात की पूरी योजना तथा मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर भी गहन जांच जारी है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फतेहाबाद पुलिस ने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अपराध करने के बाद फरार होकर कानून से बच निकलने की सोच रखने वाले अपराधी यह समझ लें कि फतेहाबाद पुलिस का शिकंजा उनसे दूर नहीं है। गंभीर अपराधों में तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है।फतेहाबाद पुलिस का स्पष्ट संदेश—अपराध छोड़ें, अन्यथा कानून की सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
Uklana, Hissar | Aug 25, 2026